शक्ति जिले में एलपीजी गैस। डीजल- पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य रखने कलेक्टर साहब की है पैनी नजर। तोपनों साहब ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश. शक्ति जिले के किसान उड़ीसा हुए रवाना। आधुनिक खेती का जानेंगे राज., शक्ति जिले में अग्नि वीरों में दिख रहा उत्साह



,शक्ति जिले में एलपीजी गैस। डीजल- पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य रखने कलेक्टर साहब की है पैनी नजर। तोपनों साहब ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति-जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे ईंधन का उपयोग जिम्मेदारी और बचत के साथ करें तथा अनावश्यक रूप से स्टॉक न करें। साथ ही वैकल्पिक साधनों का भी उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके। प्रशासन ने यह भी बताया कि एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूर्व की तरह सुचारू रूप से जारी है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जुड़े उपभोक्ताओं के संदर्भ में प्रशासन ने बताया कि कुछ स्थानों पर अचानक बढ़ी मांग के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में पारदर्शी और संतुलित वितरण सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-3663, 1967 तथा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771-2511975 जारी किए गए हैं। सक्ती जिले में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां मोबाइल नंबर 9993398904 पर संपर्क किया जा सकता है। सभी शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल तय किया गया है, ताकि सभी तक समय पर गैस पहुंच सके। इसके अलावा, बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों और उचित मूल्य की दुकानों को पारदर्शी वितरण और सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके
राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण हेतु किसान उड़ीसा रवाना, 10 दिवसीय प्रशिक्षण में सीखेंगे आधुनिक खेती तकनीक
शक्ति-जिले के किसानों को “जैविक खेती मिशन योजना” अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण के लिए राज्य के बाहर ओडिशा रवाना किया गया। कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत सक्ती की सभापति श्रीमती विद्या सिदार ने किसानों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के दौरान खेती की नई-नई तकनीकों को सीखें और वापस आकर जिले के अन्य किसानों को भी जागरूक करें, ताकि आधुनिक एवं उन्नत खेती को बढ़ावा मिल सके। रवानगी के समय कृषि स्थायी समिति के सदस्य श्री आयुष शर्मा, उप संचालक कृषि जिला सक्ती श्री तरुण कुमार प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बता दे कि यह शैक्षणिक भ्रमण 30 मार्च 2026 से 08 अप्रैल 2026 तक कुल 10 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के कृषक कृषि विज्ञान केन्द्र, कटक से संबंधित संस्थानों एवं कृषि प्रक्षेत्रों का भ्रमण करेंगे, जहां उन्हें खेती की नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे वे अपनी खेती में नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे
भारतीय अग्निवीर थल सेना भर्ती हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल
शक्ति -भारतीय अग्निवीर थल सेना भर्ती हेतु आॅनलाईन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। जिसके अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्नीकल, क्लर्क-स्टोर कीपर टेक्नीकल एवं ट्रेडमेन के पदों पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती रैली में सम्मिलित होने अभ्यर्थी की अनिवार्य योग्यता 8वीं, 10वीं एवं 12वीं तथा अभ्यर्थी का जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के मध्य होना चाहिए। आवेदकों का ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन वेबसाईट https://joinindianarmy.nic.in/ में करना अनिवार्य है। भारतीय थल सेना में सिपाही (फर्मा) पदों पर अविवाहित पुरूष आवेदक की आयु 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 की मध्य होना चाहिए। ऑनलाईन कॉमन एंट्रेस एग्जाम (सीईई) 01 जून 2026 से 10 जून 2026 तक होने की संभावना हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 या जिला रोजगार कार्यालय सक्ती के दूरभाष क्रमांक 9424252156 में संपर्क कर सकते हैं।
[
सफलता की कहानी-दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से सुलोचना सिदार को मिल रहा आर्थिक सहारा
शक्ति -सरकार की दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना भूमिहीन मजदूरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।इसी योजना का लाभ विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलडीहा की निवासी श्रीमती सुलोचना सिदार को भी मिल रहा है। एक साधारण कृषक मजदूर परिवार से जुड़ी सुलोचना सिदार के पास स्वयं की कृषि भूमि नहीं है और उनका परिवार मजदूरी पर निर्भर है। ऐसे में यह योजना उनके लिए एक बड़ा सहारा साबित हुई है। श्रीमती सुलोचना सिदार बताती हैं कि उन्हें हर वर्ष मिलने वाली 10,000 रुपए की राशि से घरेलू खर्चों में काफी मदद मिलती है। वे इस राशि का उपयोग रोजमर्रा की आवश्यकताओं, बच्चों की जरूरतों तथा छोटे-मोटे घरेलू कार्यों में करती हैं। श्रीमती सुलोचना सिदार ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना भूमिहीन मजदूरों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा साबित हो रही है।
जिले में रोजगार का सुनहरा मौका: विभिन्न स्थानों पर लगेगा प्लेसमेंट कैंप, सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती
शक्ति:लेसमेंट कैंप आयोजन के संबंध में जिला पंचायत सक्ती से जारी निर्देशानुसार, एस.आई.एस. इंडिया कंपनी लिमिटेड अनूपपुर एवं एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जिला सक्ती अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दृष्टि से जनपद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जनपद पंचायत डभरा में 01 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 02 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत मालखरौदा और जनपद पंचायत सक्ती में 03 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत मालखरौदा में 21 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 22 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत डभरा में 23 अप्रैल 2026 को तथा जनपद पंचायत सक्ती में 24 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासकीय आईटीआई मालखरौदा में 25 अप्रैल 2026, शासकीय आईटीआई जैजैपुर में 27 अप्रैल 2026 तथा शासकीय आईटीआई डभरा में 28 अप्रैल 2026 को भी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन निर्धारित किया गया है।एस.आई.एस सिक्योरिटी सर्विस इंडिया लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुरक्षा जवान सहित अन्य 205 पदों पर भर्ती निकाली गई है। कंपनी आई इस ओ 9001:2008 से प्रमाणित है और लंबे समय से सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी देश के कई बड़े औद्योगिक और प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे लाल किला, कुतुब मीनार, होन्डा, मारुति उद्योग, टाटा मोटर्स, विभिन्न मॉल, फाइव स्टार होटल और आईटी संस्थानों में सुरक्षा सेवाएं प्रदान करती है। साथ ही बिलासपुर, रायपुर और रायगढ़ सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 167.5 सेंटीमीटर एवं वजन 56 किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जबकि आयु सीमा 21 से 42 वर्ष के बीच तय की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं पास अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि कुछ मामलों में 10वीं फेल अभ्यर्थियों को भी अवसर प्रदान किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। ड्यूटी अवधि 8 या 12 घंटे की होगी तथा नियुक्ति विभिन्न यूनिट्स में की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक परीक्षण एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। भर्ती के दौरान केवल चयनित अभ्यर्थियों से 500 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुनहरे रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।


