बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का हुआ सम्मान, शक्ति जिले के कलेक्टर, एसपी, सीईओ एवं DEO हो रहे मौजूद, कलेक्टर साहब ने जन दर्शन में सुनी समस्याएं, मुख्यमंत्री जी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला- परीक्षाओं को लेकर दिया संदेश कहा, ऑल द बेस्ट




बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का हुआ सम्मान, शक्ति जिले के कलेक्टर, एसपी, सीईओ एवं DEO हो रहे मौजूद, कलेक्टर साहब ने जन दर्शन में सुनी समस्याएं, मुख्यमंत्री जी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला- परीक्षाओं को लेकर दिया संदेश कहा, ऑल द बेस्ट
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें प्रदान की गईं। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 3000 रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सहित मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें भेंट की गईं। सभी प्रतिभागियों को भी सम्मान स्वरूप मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के सभी 134 हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 07 फरवरी 2026 को प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के कुल 8836 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में व्यस्त होने के कारण इस वर्ष प्रतियोगिता केवल कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सामान्य अध्ययन, बौद्धिक योग्यता, गणित, अंग्रेजी भाषा तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का परिणाम 16 फरवरी 2026 को जारी किया गया। जिला स्तर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांशीगढ़ के छात्र साहिल बंजारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हसौद की छात्रा जया कुर्रे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टूंड्री की छात्रा कुसुम राठिया एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांटीपाली के छात्र लोकेश साहू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें भविष्य में शासकीय सेवाओं के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में शासकीय पदों पर भर्ती की जाती है, जैसे एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पीएससी, व्यापम आदि। इन प्रतियोगी परीक्षाओं का मुख्य पाठ्यक्रम सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी भाषा पर आधारित होता है। यदि विद्यार्थी कक्षा 9वीं से 12वीं तक सामान्य ज्ञान की तैयारी प्रारंभ करें, तो शासकीय सेवाओं में चयन की संभावना बढ़ जाती है। वर्तमान में अधिकांश विद्यार्थी नीट एवं आईआईटी-जेईई को ही प्रमुख कैरियर विकल्प मानते हैं, जिसके कारण शासकीय सेवाओं की तैयारी हेतु प्रारंभिक मार्गदर्शन का अभाव देखा जाता है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदनी बाघ द्विवेदी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं,आज जनदर्शन में कुल 21 आवेदन हुए प्राप्त
सक्ती-जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम कोटमी निवासी श्री श्यामलाल सौमित्र ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पोता निवासी श्री महेश सारथी (सरपंच) ने ग्राम पंचायत पोता में पी.एच ई. विभाग से बोर खनन, ग्राम पोता के सोलाही तालाब एवं अन्य निस्तारी तालाबो गिरे हुए बबूल पेड़ को काटने की अनुमति प्रदान के संबध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम बस्ती बाराद्वार निवासी श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने गिरदावरी के दौरान हुई तकनीकी दौरान त्रुटि का सुधरवाने के संबध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नवापारा कला निवासी श्री राधेलाल पटेल पिता जीवन लाल ने मुवावजा राशि दिलाये जाने के संबध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली (बा) निवासी श्री बुद्धेश्वर सिंह कंवर ने ग्राम पंचायत सकरेली (बा) बाराद्वार आश्रित ग्राम आमादहरा को राजस्व ग्राम घोषित करने के संबध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम मरघटी निवासी श्री भानुप्रताप यादव ने शासन से पट्टे में प्राप्त भूमि में मकान निर्माण करने से रोकने एवं वाद विवाद करने के संबध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम कचंन्दा निवासी श्री मोहन लाल साहू ने किसान सम्मान निधि राशि अप्राप्त होने पर दिलाए जाने के सबंध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम रनपोटा निवासी श्री शरमू लाल बरेठ, निरंजन प्रसाद बरेठ ने प्रधान मंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत किए जाने के संबंध सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय,मुख्यमंत्री ने परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को दिया आत्मविश्वास और सफलता का संदेश
सक्ती-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा — “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों।”मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों के नाम अपने आत्मीय संदेश में कहा कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जिसमें उत्साह के साथ थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि परीक्षाओं का समय आ गया है। मैं जानता हूँ कि इन दिनों आपके मन में उत्साह भी है और थोड़ा सा तनाव भी। लेकिन सबसे पहले यह जान लीजिए — आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का समय कभी-कभी मन में घबराहट भी लेकर आता है। यह स्वाभाविक है। यदि आपको डर लग रहा है तो इसका अर्थ है कि आप अपनी पढ़ाई और अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं।उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह समझ लीजिए — डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। लेकिन इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। आपने पूरे वर्ष मेहनत की है। हर दिन का प्रयास, हर अभ्यास, हर दोहराव — सब आपकी ताकत बनकर आपके साथ खड़े हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी नियमित पढ़ाई करें, कठिन विषयों को दोहराएँ, समय का संतुलन बनाए रखें। पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक भोजन करें और कुछ समय के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करें।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के सभी विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने वार्षिक खेल सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया,खेल और चुनाव के मूल्य साझा हैं: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
सक्ती-भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने आज दिल्ली के कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स (CWG) कॉम्प्लेक्स में अपने वार्षिक खेल सप्ताह 2026 के उत्सव की शुरुआत की। मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित किया और आज सुबह कार्यवाही को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।अपने संबोधन में, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ने कहा कि पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता जैसे मूल्य जो खेलों को परिभाषित करते हैं, वही उन चुनावी प्रक्रियाओं को भी परिभाषित करते हैं जिन्हें ECI कायम रखता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव के दौरान खेल आयोजनों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया,संबोधन के बाद, श्री ज्ञानेश कुमार ने “रन फॉर डेमोक्रेसी” (लोकतंत्र के लिए दौड़) थीम के तहत 100 मीटर की महिला दौड़ को हरी झंडी दिखाई। इस वर्ष के वार्षिक खेल सप्ताह के उत्सव का विषय (थीम) “मैदान पर सद्भाव, लोकतंत्र में शक्ति” (Harmony on the field, Strength in Democracy) है,ECI के रिक्रिएशन क्लब द्वारा आयोजित इस वार्षिक खेल सप्ताह में 383 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिनमें 72 महिलाएं शामिल हैं।ये स्पर्धाएँ 7 खेलों की 43 श्रेणियों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स ट्रैक इवेंट (पुरुषों और महिलाओं के लिए विभिन्न आयु वर्गों में 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़) शामिल हैं।






