शक्ति जिले में आम की है भरमार -अप्रैल महीने में प्रशासन करेगा आमों की नीलामी। आप भी ले सकते हैं नीलामी में भाग। डेयरी व्यवसाय से बदल गई टीकम चंद की जिंदगी. कलेक्टर तोपनों के निर्देशन में जिले की जनता विभिन्न सरकारी योजनाओं का ले रही समुचित लाभ। जिले में सैकड़ो बेरोजगारों को मिलेगा प्रशासन की पहल पर प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से रोजगार



शक्ति जिले में आम की है भरमार -अप्रैल महीने में प्रशासन करेगा आमों की नीलामी। आप भी ले सकते हैं नीलामी में भाग। डेयरी व्यवसाय से बदल गई टीकम चंद की जिंदगी. कलेक्टर तोपनों के निर्देशन में जिले की जनता विभिन्न सरकारी योजनाओं का ले रही समुचित लाभ। जिले में सैकड़ो बेरोजगारों को मिलेगा प्रशासन की पहल पर प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से रोजगार
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -शक्ति जिले में इस वर्ष आम फल बहार की नीलामी को लेकर उद्यान विभाग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार जिले के विभिन्न शासकीय उद्यानों में लगे आम फलों की नीलामी 6 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी और सभी नीलामियां प्रतिदिन दोपहर 2 बजे होंगी। जारी कार्यक्रम के तहत 6 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान केंद्र, कचंदा (जैजैपुर) में नीलामी होगी, जिसकी देखरेख श्री हृदय राम राठिया करेंगे। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान भूतहा (मालखरौदा) में नीलामी आयोजित होगी, जहां श्री शिवनारायण चौबे प्रभारी रहेंगे। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान चुरतेली (डभरा) में नीलामी होगी, जिसकी जिम्मेदारी श्री सुरेश कुमार अजगल्ले के पास रहेगी। वहीं 9 अप्रैल 2026 को शासकीय उद्यान डोड़की (सक्ती) में अंतिम नीलामी आयोजित की जाएगी, जिसकी देखरेख श्री खिरोद कुमार बारिक द्वारा की जाएगी। उद्यान विभाग ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति नीलामी में भाग लेने से पहले संबंधित उद्यानों में जाकर आम फलों का अवलोकन कर सकते हैं। नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदकों को निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व दोपहर 2 बजे तक कार्यालय सहायक संचालक उद्यान, जिला सक्ती में आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ पहचान हेतु आधार कार्ड, परिचय पत्र या पैन कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना जरूरी है। विभाग ने सभी इच्छुक नागरिकों से समयसीमा का पालन करते हुए नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
जिले में रोजगार का सुनहरा मौका: विभिन्न स्थानों पर लगेगा प्लेसमेंट कैंप, सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती
शक्ति -प्लेसमेंट कैंप आयोजन के संबंध में जिला पंचायत सक्ती से जारी निर्देशानुसार, एस.आई.एस. इंडिया कंपनी लिमिटेड अनूपपुर एवं एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जिला सक्ती अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दृष्टि से जनपद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जनपद पंचायत डभरा में 01 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 02 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत मालखरौदा और जनपद पंचायत सक्ती में 03 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत मालखरौदा में 21 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 22 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत डभरा में 23 अप्रैल 2026 को तथा जनपद पंचायत सक्ती में 24 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासकीय आईटीआई मालखरौदा में 25 अप्रैल 2026, शासकीय आईटीआई जैजैपुर में 27 अप्रैल 2026 तथा शासकीय आईटीआई डभरा में 28 अप्रैल 2026 को भी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन निर्धारित किया गया है एस.आई.एस सिक्योरिटी सर्विस इंडिया लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुरक्षा जवान सहित अन्य 205 पदों पर भर्ती निकाली गई है। कंपनी आई इस ओ 9001:2008 से प्रमाणित है और लंबे समय से सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी देश के कई बड़े औद्योगिक और प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे लाल किला, कुतुब मीनार, होन्डा, मारुति उद्योग, टाटा मोटर्स, विभिन्न मॉल, फाइव स्टार होटल और आईटी संस्थानों में सुरक्षा सेवाएं प्रदान करती है। साथ ही बिलासपुर, रायपुर और रायगढ़ सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 167.5 सेंटीमीटर एवं वजन 56 किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जबकि आयु सीमा 21 से 42 वर्ष के बीच तय की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं पास अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि कुछ मामलों में 10वीं फेल अभ्यर्थियों को भी अवसर प्रदान किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। ड्यूटी अवधि 8 या 12 घंटे की होगी तथा नियुक्ति विभिन्न यूनिट्स में की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक परीक्षण एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। भर्ती के दौरान केवल चयनित अभ्यर्थियों से 500 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुनहरे रोजगार अवसर का लाभ उठाएं
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा, आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल तक
शक्ति -मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा की सूचना जारी कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लेट तथा एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए राज्य में प्रयास आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। वर्ष 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है तथा प्राक्चयन परीक्षा की तिथि 10 मई 2026 को निर्धारित की गई है। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने हेतु https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail के माध्यम से कर सकते हैं। उक्त संबंध में आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट के माध्यम से तथा जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
सफलता की कहानी-डेयरी व्यवसाय अपनाकर किसान ने पाई आर्थिक सफलता।सरकारी योजना और मेहनत से बदली किसान टीकमचंद पटेल की जिंदगी
शक्ति -राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत हितग्राहियों को डेयरी व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता (अनुदान) प्रदान की जाती है, जिससे वे उन्नत नस्ल के पशु खरीदकर नियमित आय का स्रोत बना सकें। सक्ती जिले के विकासखण्ड डभरा निवासी श्री टीकमचंद पटेल एक साधारण किसान हैं। पहले उनकी मासिक आय 12,000 रुपए थी, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन था। उन्होंने राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की और इस अवसर का लाभ उठाते हुए 70,000 रुपए का अनुदान प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने दो उन्नत नस्ल की गायें खरीदीं और डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की। शुरुआत में उन्हें प्रतिदिन लगभग 32 लीटर दूध प्राप्त होने लगा, जिससे उनकी मासिक आय बढ़कर 18,000 रुपए हो गई। यह उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत थी। लगातार मेहनत और आधुनिक तकनीकों के उपयोग, जैसे कृत्रिम गर्भाधान (सेक्स सॉर्टेड सीमेन), के कारण उनके पशुओं की संख्या बढ़कर 6 हो गई। आज गायों से प्रतिदिन लगभग 90 लीटर दूध प्राप्त होने लगा हैं और उनकी मासिक आय 50,000 रुपए तक पहुंच गई है। आज श्री टीकमचंद पटेल न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, बल्कि अपने गांव और आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। वे अन्य किसानों को भी डेयरी व्यवसाय अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

