बाराद्वार शहर के एशियन वर्ल्ड स्कूल में हुआ वार्षिक समारोह “संकल्प-3” का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रस्तुति ने मन मोह लिया अतिथियों का, विद्यालय प्रबंधन ने भी किया आभार, जिले के श्रेष्ठ विद्यालयों में जाना जाता है एशियन वर्ल्ड स्कूल




बाराद्वार शहर के एशियन वर्ल्ड स्कूल में हुआ वार्षिक समारोह “संकल्प-3” का भव्य आयोजन
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती- एशियन वर्ल्ड स्कूल, बाराद्वार में वार्षिक समारोह “संकल्प-3” का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि अजय कुमार अग्रवाल एवं राजेश कुमार अग्रवाल, विद्यालय के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी के निर्देशक, दिल्ली पब्लिक स्कूल, चांपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, बाराद्वार थाना प्रभारी तथा नगर पालिका परिषद बाराद्वार के अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसे विद्यालय के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स एवं प्रधानाचार्य (प्रभारी) श्रीमती हेमा बिस्वास द्वारा संपन्न किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय ऑर्केस्ट्रा ने वातावरण को संगीतमय बना दिया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य (प्रभारी) श्रीमती हेमा बिस्वास ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा वर्ष भर की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दी गई। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत “हॉलिडे विद चिलर पार्टी”, “साउथ का तड़का”, “बॉलीवुड स्टार्स”, “स्पोर्ट्स डांस”, “मेट्रो मेलोडीज” तथा “कलर्स ऑफ हैप्पीनेस” ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने “ज्वाला एवं नीर”, “द हिडन जंगल टेल”, “संबलपुरी रंग उत्सव”, “कल्कि”, “हार्मनी ऑफ हिमालय” तथा “स्पिरिट ऑफ फ्रीडम” जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेश दिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत महान पौराणिक नृत्य नाटिका “नरसिंहः पावर ऑफ डिवोशन” रही, जिसमें भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति एवं अधर्म पर धर्म की विजय का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।उल्लेखनीय है कि वार्षिक समारोह की सफलता हेतु विद्यालय में पिछले 15 दिनों से छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षकों के मार्गदर्शन में निरंतर अभ्यास किया जा रहा था, जिसका प्रतिफल मंच पर विद्यार्थियों की अनुशासित, आत्मविश्वासपूर्ण एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के रूप में देखने को मिला।विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य नीरज अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम की सफलता हेतु समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रबंधन ने विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन तथा शिक्षकों के समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वार्षिक समारोह “संकल्प-3” विद्यालय परिवार एवं नगरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायक अनुभव बनकर स्मृतियों में अंकित हो गया









