शक्ति जिले के कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने ली शक्ति विकासखंड में विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेशन को लेकर जरूरी बैठक


कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने ली शक्ति विकासखंड में विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेशन को लेकर जरूरी बैठक
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-विकासखंड स्त्रोत केंद्र, शक्ति में विद्यालयीन विद्यार्थियों के आधार एमबीयू (MBU) अपग्रेडेशन के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अमृत विकास तोपनो जी द्वारा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी महोदया तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित विकासखंड शक्ति के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।बैठक में कलेक्टर महोदय ने विद्यार्थियों के आधार एमबीयू अपडेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का आधार एमबीयू अपग्रेडेशन निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आधार सत्यापन एवं अपडेशन से छात्र-छात्राओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं छात्रवृत्ति का लाभ समय पर प्राप्त हो सकेगा।कलेक्टर महोदय ने संकुल शैक्षिक समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संकुल अंतर्गत विद्यालयों की सतत मॉनिटरिंग करें तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय स्तर पर आवश्यक दस्तावेजों के संकलन एवं तकनीकी त्रुटियों के समाधान हेतु विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।जिला शिक्षा अधिकारी महोदय ने बैठक में विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि आधार एमबीयू अपडेशन कार्य शासन की प्राथमिकता में है, अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता से कार्य करते हुए लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में कलेक्टर महोदय ने स्पष्ट किया कि आधार एमबीयू अपग्रेडेशन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के हित में इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया।



