मालामाल होंगे अब किसान-शक्ति जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी- अब प्रत्येक किसानों को मिलेगी ₹15000 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि


शक्ति जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी- अब प्रत्येक किसानों को मिलेगी ₹15000 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-राज्य सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आगामी खरीफ सीजन में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने दलहन, तिलहन सहित अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती पर आकर्षक प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, दलहन-तिलहन एवं कपास जैसी खरीफ फसलें लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही थी। अब सरकार ने इस योजना को और अधिक प्रभावी बनाते हुए धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी है। सरकार के इस निर्णय को किसानों को पारंपरिक धान की खेती से हटकर वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों की ओर प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार और किसानों की आय में वृद्धि होने की भी संभावना है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक पर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेत के रकबे की पुष्टि की जाएगी। सत्यापन के बाद पात्र किसानों को मान्य रकबे के आधार पर आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। शासन ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा, जिसे वे अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति के माध्यम से पूरा कर सकते हैं। यह पहल न केवल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि खेती के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो सकती है।

