शक्ति जिले में महंगे दामों पर खाद बेचने वाले विक्रेताओं पर लगातार दूसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई. प्रशासन सख्त. कलेक्टर तोपनो एवं उपसंचालक कृषि प्रधान के निर्देशन में विभाग सक्रिय। महतारी वंदन से गीता बनी आत्मनिर्भर. तार मिस्त्री हेतु युवाओं को मिलेगा खुद का रोजगार. जिले में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का हुआ सफल आयोजन





शक्ति जिले में महंगे दामों पर खाद बेचने वाले विक्रेताओं पर लगातार दूसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई. प्रशासन सख्त. कलेक्टर तोपनो एवं उपसंचालक कृषि प्रधान के निर्देशन में विभाग सक्रिय। महतारी वंदन से गीता बनी आत्मनिर्भर. तार मिस्त्री हेतु युवाओं को मिलेगा खुद का रोजगार
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि श्री तरुण प्रधान के मार्गदर्शन में जिले में नकली खाद निर्माण, कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। निजी और सहकारी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करते हुए फर्मों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड डभरा अंतर्गत ग्राम साराडीह के मेसर्स कोमल प्रसाद जायसवाल का औचक निरीक्षण में उर्वरक व्यापार से संबंधित प्राधिकार पत्र में स्रोत प्रमाण पत्र (फार्म ओ) जुडवाये बिना उर्वरक का व्यापार करना पाया गया, स्टॉक पंजी निर्धारित प्रारूप में संधारित नही होना पाया गया, कैश व केडिट मेमो निर्धारित प्रारूप में जारी नही एवं क्रेता का हस्ताक्षर नही होना पाया गया, और स्टाक प्रदर्शन बोर्ड अद्यतन नही होना पाया गया, जो कि उर्वरक नियंत्रण आदेश का स्पष्ट उल्लंघन है, जिसके फलस्वरूप गोदाम में भंडारित रासायनिक उर्वरक यथा यूरिया 69 बोरी, जिंकेटेड सिंगल सुपरफास्फेट पावडर 242 बोरी, जिंकेटेड सिंगल सुपर फास्फेट दानेदार 104 बोरी, डीएपी 38 बोरी का अवैध रूप से भंडारण पाया गया, उक्त उर्वरकों को उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों में गंभीर उल्लंघन होने के कारण उक्त दर्शित उर्वरकों को जब्त कर गोदाम को सीलकर संबंधित फर्म के प्रतिनिधि की अभिरक्षा में सुपुर्द कर संबंधित को स्पष्टीकरण जारी किया गया। इसी क्रम में ग्राम सुखदा के मेसर्स नमन टैंडर्स में भी अनियमितता पाये जाने के कारण 21 दिवस के लिए तत्काल विक्रय प्रतिबंध लगाया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक निरीक्षक विकासखण्ड डभरा श्री राजेन्द्र कुमार पटेल, सहायक संचालक कृषि श्री सुमान सिंह पैकरा, कार्यालय उप संचालक कृषि सक्ती श्री कृतराज, सहायक संचालक कृषि, कार्यालय अनुविभागीय कृषि अधिकारी-सक्ती सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों को उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता वाले खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित निरीक्षकों को नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कालाबाजारी या अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिले में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का किया गया आयोजन
शक्ति -विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। सक्ती स्थित कोर्ट परिसर में आरबीएसके टीम ‘बी’ द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां उपस्थित लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। साथ ही जरूरतमंदों को उचित चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। इसी क्रम में मालखरौदा, डभरा तथा जैजैपुर के न्यायालय परिसरों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। मालखरौदा में आरबीएसके टीम ‘बी’, डभरा व्यवहार न्यायालय में आरबीएसके टीम ‘बी’ तथा जैजैपुर कोर्ट में आरबीएसके टीम ‘ए’ द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन सभी शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी निरंतर बढ़ रही है।
महतारी वंदन योजना से गीता राठिया बनीं आत्मनिर्भर, हर माह मिल रहा आर्थिक सहारा
शक्ति -महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनती जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम जुड़गा निवासी श्रीमती गीता राठिया भी इस योजना से लाभान्वित होने वाली महिलाओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि प्रत्येक माह उनके बैंक खाते में प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे घर के लिए राशन तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं खरीदने में करती हैं, जिससे परिवार के खर्चों को संभालने में काफी मदद मिल रही है। श्रीमती गीता ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिल रहा है। श्रीमती गीता राठिया की तरह क्षेत्र की कई महिलाएं महतारी वंदन योजना का लाभ उठाकर अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सम्मान की भावना को भी मजबूत कर रही है।
तार मिस्त्री परीक्षा हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक
शक्ति -संभागीय अनुज्ञापन समिति (विद्युत) बिलासपुर द्वारा तारमिस्त्री परीक्षा माह-जुलाई 2026 में लिया जाना है। परीक्षा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है। उक्त परीक्षा हेतु बिलासपुर, मुंगेली, गौरला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के आवेदनकर्ता कार्यालय, कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन बिलासपुर संभाग बिलासपुर, प्रथम तल ‘‘यू.डी.एम. हॉस्पिटल बिल्डिंग’’, होमगार्ड कैम्पस के पास, कुदुदण्ड, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर तत्संबंध में जानकारी एवं निःशुल्क आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते हैं।









