शक्ति जिले की जरूरी खबरें- जनगणना के लिए लगेंगे तकनीकी सहायक, प्रशासन ने आमंत्रित की ऑनलाइन निविदा, कृषि योजनाओं की जानकारी के लिए शक्ति जिले का उपसंचालक कृषि विभाग लगाएगा चौपाल,श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई केवाईसी होगी अनिवार्य

जनगणना के लिए लगेंगे तकनीकी सहायक, प्रशासन ने आमंत्रित की ऑनलाइन निविदा, कृषि योजनाओं की जानकारी के लिए कृषि विभाग लगाएगा चौपाल,श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई केवाईसी होगी अनिवार्य
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-भारत सरकार द्वारा उर्वरकों की बिक्री में पारदर्शिता लाने एवं सब्सिडी का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में किसानों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने तथा फार्मर आईडी निर्माण हेतु जिले में कृषि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। उप संचालक कृषि, सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के समस्त ग्रामों में कृषि चौपाल का आयोजन 13 फरवरी 2026 से 03 मार्च 2026 तक किया जाएगा। जिन किसानों ने अब तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे निर्धारित तिथियों में अपने ग्राम अथवा नजदीकी लोक सेवा केंद्र में पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। फार्मर आईडी बनाने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि ऋण तथा अन्य शासकीय कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर फार्मर आईडी बनवाकर शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें
श्रम विभाग की योजनाओं के लाभ हेतु ई-केवाईसी अनिवार्य, बिना सत्यापन नहीं होगा पंजीयन
सक्ती-श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों एवं नए आवेदकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है। श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार 01 जनवरी 2026 से पंजीकरण हेतु प्राप्त होने वाले समस्त आवेदनों का निराकरण ई-केवाईसी पूर्ण होने के पश्चात ही किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया गया है कि पंजीयन के समय आधार क्रमांक दर्ज करना अनिवार्य होगा तथा पीडीएस में उपलब्ध आधार से संबंधित जानकारी का सत्यापन आवेदक द्वारा किया जाएगा। जिन श्रमिकों एवं आवेदकों की ई-केवाईसी अब तक पूर्ण नहीं हुई है, उनसे अपील की गई है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी श्रम संसाधन केंद्र अथवा श्रम विभाग कार्यालय में आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो सके
जनगणना-2027 के लिए तकनीकी सहायक एवं एमटीएस स्टाफ की भर्ती हेतु ऑनलाइन निविदा आमंत्रित
सक्ती-कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा भारत की जनगणना-2027 के सफल आयोजन के लिए तकनीकी सहायक एवं मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) की आपूर्ति हेतु ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की गई है।इस निविदा के माध्यम से जिले के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र एजेंसियां भारत सरकार के जी ई एम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निविदा से संबंधित प्रमुख तिथियों के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 23 फरवरी 2026, दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है, तथा निविदा खोलने की तिथि 24 फरवरी 2026, दोपहर 3 बजे तय की गई है। निविदा खोलने का स्थान कलेक्टर कार्यालय, जिला सक्ती रहेगा। निविदा विवरण के अनुसार, निविदा अमानत राशि 1,06,740 रुपए निर्धारित की गई है। तकनीकी सहायक का मानदेय 25,000 रुपए प्रति माह एवं एमटीएस का मानदेय 18, 000 रुपए प्रति माह तय किया गया है। कार्य अवधि अधिकतम 18 माह (जनगणना-2027 की अवधि तक) होगी। निविदा प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित एजेंसी को जिले के विभिन्न कार्यालयों में आवश्यक तकनीकी सहायक एवं एमटीएस कर्मचारियों की नियुक्ति करनी होगी। चयन प्रक्रिया शासन के नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी। इच्छुक एजेंसियों से अपेक्षा की गई है कि वे समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। विलंब से प्राप्त अथवा अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इस संबंध में विस्तृत जानकारी एवं शर्तें जी ई एम पोर्टल तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://sakti.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं।



