कलेक्टर तोपनो की समय सीमा बैठक एवं जनदर्शन संपन्न। सीएमएचओ के निर्देश पर जिले में अवैध क्लिनिको पर हुई कार्रवाई। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारी ने किया निरीक्षण।कलेक्टर तोपनों ने कहा- छात्रावासों का सतत करें अधिकारी निरीक्षण। कलेक्टर एसपी साहब के नेतृत्व में संपन्न हुई जिला गौ धाम समिति की बैठक





कलेक्टर तोपनो की समय सीमा बैठक एवं जनदर्शन संपन्न। सीएमएचओ के निर्देश पर जिले में अवैध क्लिनिको पर हुई कार्रवाई। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारी ने किया निरीक्षण।कलेक्टर तोपनों ने कहा- छात्रावासों का सतत करें अधिकारी निरीक्षण
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आदिवासी विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को छात्रावासों के शौचालय, रसोई एवं आवासीय कक्षों की नियमित जांच कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने और अध्ययन के अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में आयोजित राज्य ओपन परीक्षा को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी परीक्षा केंद्रों में लगाई गई है, वे पूर्ण तत्परता से व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का उपयोग न हो। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें तथा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, लोक सेवा गारंटी आदि कार्यो की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं>आज जनदर्शन में कुल 13 आवेदन हुए प्राप्त
शक्ति -जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।जनदर्शन में आज तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम झरप निवासी श्री रामप्यारे बंजारे ने राजस्व अभिलेख में त्रुटि सुधार के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम सिंघनसरा निवासी श्री राधेश्याम राठौर ने कृषक जीवन ज्योति का लाभ प्रदान कराने के संबंध में, तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम अमोदा निवासी श्रीमती ज्योति सारथी ने चार माह का चावल का आवंटन न होने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम जोंगरा निवासी श्री अमृतलाल सिदार ने अपने नाम पर मनरेगा के तहत स्वीकृत आवास की राशि प्रदान कराने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम अखराभाठा वार्ड नंबर 10 निवासी श्री घासीराम खर्रा ने पानी की सुविधा हेतु बोर खनन के संबंध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम सतगढ़ निवासी श्री अघोरी दास महंत ने वृद्धा पेंशन दिलाने के संबंध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है
अवैध क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई, दो क्लीनिक किए सील
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो क्लीनिकों को बंद करा दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. सुदर्शन भारद्वाज के नेतृत्व में की गई।स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतों और नियमित निरीक्षण अभियान के तहत टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान स्टेशन रोड सक्ती स्थित एक मकान में बिना वैध डिग्री और पंजीयन के मरीजों का इलाज करते हुए पाया गया। वहीं ग्राम टेमर क्षेत्र में भी बिना आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और पंजीयन के चिकित्सा कार्य किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिससे अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करना स्पष्ट हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से दोनों क्लीनिकों को बंद करा दिया। साथ ही आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि बिना वैध डिग्री, पंजीयन और अनुमति के किसी भी प्रकार का चिकित्सा कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नर्सिंग होम एक्ट सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। अवैध क्लीनिकों और अप्रमाणित व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे उपचार पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उपचार के लिए केवल पंजीकृत और योग्य चिकित्सकों से ही संपर्क करें। यदि कहीं अवैध क्लीनिक या अप्रमाणित चिकित्सक द्वारा इलाज किए जाने की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक की गई आयोजित
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुधन विकास विभाग जिला सक्ती द्वारा बताया गया कि गौधाम योजना का उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के संरक्षण, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत जप्त पशुओं के समुचित प्रबंधन एवं संवर्धन सहित गौ उत्पादों को बढ़ावा देने, चारा विकास कार्यक्रम को मजबूत करने तथा गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करना है। पशुधन विकास विभाग द्वारा बताया गया कि गौधामों का संचालन छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग में पंजीकृत गौशाला समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, ट्रस्ट, प्रोड्यूसर कंपनियों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक गौधाम की अधिकतम क्षमता 200 पशु निर्धारित की गई है, जिससे बेहतर देखभाल और प्रबंधन सुनिश्चित हो सके। बैठक में पशुधन विकास विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि गौधामों में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं नियमित देखरेख की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत उन्नत नस्ल के संवर्धन पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही गौधामों में आवश्यक अधोसंरचना के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा छायादार शेड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि प्रत्येक गौधाम में एक चरवाहा एवं एक गौसेवक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिन्हें कलेक्टर दर के अनुसार प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित कर गौ उत्पादों के निर्माण एवं विपणन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक श्री नदीम शम्स, श्री विजय साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सफलता की कहानी-महतारी वंदन योजना से सशक्त बनी रमशिला साहू, महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा स्रोत
शक्ति -छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार कर रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।विकासखण्ड सक्ती अंतर्गत ग्राम लवसरा निवासी श्रीमती रमशिला साहू इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। गृहणी के रूप में जीवन यापन करने वाली रमशिला साहू आज शासन की इस योजना के सहयोग से अपने परिवार का सहारा बनी हैं और गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभर रही हैं। श्रीमती रमशिला साहू बताती हैं कि उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इस राशि से उन्हें अपने दैनिक खर्चों को पूरा करने में सहायता मिल रही है। वे बताती हैं कि पहले घर का खर्च चलाने के बाद बचत करना कठिन हो जाता था, लेकिन अब इस योजना से मिलने वाली नियमित सहायता के कारण वे हर महीने कुछ राशि बचाकर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संचित कर पा रही हैं। इससे उनके परिवार में आर्थिक सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।रमशिला साहू कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का हौसला भी दिया है। अब वे परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा रही हैं और बच्चों के विकास एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दे पा रही हैं। श्रीमती रमशिला साहू ने छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के कारण ग्रामीण महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर मिला है
1 अप्रैल 2026 से ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से चालान होंगे जमा।कलेक्टर ने जारी किए निर्देश: ई-कोष पोर्टल पर ओटीसी ई-चालान होंगे जमा
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने ई-कोष पोर्टल अंतर्गत ई- चालान माड्यूल के माध्यम से ओटीसी (ओवर द काउंटर) ई-चालान जमा करने के निर्देश सभी बैंक प्रबंधकों को जारी किए हैं।कलेक्टर ने बताया कि संचालनालय कोष एवं लेखा छत्तीसगढ़, रायपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ई-कोष पोर्टल अंतर्गत ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से चालान जमा करने की नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत दिनांक 01 अप्रैल 2026 से भौतिक चालानों (मैनुअल चालान) का प्रचलन समाप्त कर दिया जाएगा और सभी चालान ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि ओटीसी सुविधा के अंतर्गत ई-चालान पोर्टल पर चालान जमा करते समय चालान का डेटा स्वतः बैंक को ऑनलाइन प्रेषित हो जाएगा, जिससे बैंक स्तर पर पुनः प्रविष्टि की आवश्यकता नहीं रहेगी। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अंकित के आधार पर ही राशि जमा की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि बैंक द्वारा एमआईएस कोषालय के माध्यम से ऑनलाइन संबंधित चालान का प्रिंट भी प्राप्त किया जा सकेगा। ई-चालान पोर्टल अन्तर्गत ओटीसी के माध्यम से कर एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया विस्तार से जारी की गई है। कलेक्टर श्री तोपनो ने सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को को निर्देशित किया है कि 01 अप्रैल 2026 से ई-चालान ओटीसी के माध्यम से ऑनलाइन जमा की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण किया जाए
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक ने किया आकस्मिक निरीक्षण, रोजगार योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
शक्ति -छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक श्रीमती रीता यादव (आईएएस) द्वारा विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लाभान्वित हितग्राहियों का उनके इकाइयों में पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया।छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सकरेली कला में संचालित फर्नीचर निर्माण इकाई का अवलोकन किया गया, जहां संचालक श्री पवन साहू द्वारा इकाई में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस इकाई के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 40 लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पोरथा में महिला हितग्राही श्रीमती नंदिनी राठौर द्वारा बैंक ऋण के माध्यम से संचालित ब्यूटी पार्लर का भी निरीक्षण किया गया। प्रबंध संचालक द्वारा उनके स्वरोजगार प्रयासों की सराहना की गई तथा अन्य योजनाओं के तहत ग्रामोद्योग इकाइयों की स्थापना के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। श्रीमती यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामोद्योग के अंतर्गत नई इकाइयों की स्थापना के प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित करने हेतु प्रभारी अधिकारी श्री आशीष सिंह राठौर को आवश्यक निर्देश दिए।



