


27 साल बाद उपाध्यक्ष होगा भाजपा का- उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर शक्ति नगर पालिका के भाजपा समर्थित पार्षद रहेंगे एक, 24 फरवरी को पर्यवेक्षक जोगेश लाम्बा की उपस्थिति में संपन्न हुई बैठक
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती- नगर पालिका परिषद शक्ति में भारतीय जनता पार्टी भले ही अपने अध्यक्ष बनाने में जनता के बीच सफल न हो पाई हो, किंतु नगर पालिका शक्ति में जितनी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद चुनकर आए हैं उस आंकड़े के आधार पर उपाध्यक्ष भाजपा का ही होगा यह तय है,किंतु सामान्य रूप से देखा जाता है कि उपाध्यक्ष के चुनाव में भी समय-समय पर बदलते समीकरण के चलते बहुमत होने के बावजूद राजनैतिक दल सफलता हासिल नहीं कर पाते, किंतु प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है तथा भाजपा यह चाहती है कि भले ही अध्यक्ष पद पर वह सफल न हो पाई हो किंतु उपाध्यक्ष उनका ही होगा, इस बात को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने पार्षदों को एकजुट करना चालू कर दिया है, तथा पार्टी ने यह फरमान जारी किया है कि भाजपा समर्थित सभी पार्षद एक रहे तथा पार्टी जिसे भी उपाध्यक्ष के लिए अपना उम्मीदवार तय करेगी उसी के समर्थन में सभी को अपना वोट देना है
इन्ही सब बातों को लेकर 24 फरवरी को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर पालिका परिषद शक्ति के उपाध्यक्ष चुनाव के लिए नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक जोगेश लम्बा कोरबा ने जिला भाजपा कार्यालय शक्ति में एक बैठक आयोजित की, इस बैठक में जहां नगर पालिका शक्ति के सभी नवनिर्वाचित पार्षद,एवम कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे तो वहीं इस दौरान पर्यवेक्षक जोगेश लांबा ने सभी पार्षदों को उनकी जीत के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा कहा कि आज छत्तीसगढ़ प्रदेश में विष्णु देव की सरकार ने जो काम किया है उससे पूरे प्रदेश में भाजपा का परचम लहराया है, किंतु किन्हीं कारणों से नगर पालिका शक्ति में हम जनता का विश्वास हासिल नहीं कर पाए किंतु हमें इस हार को स्वीकार करते हुए आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ नगर पालिका शक्ति में कार्य करने की आवश्यकता है, तथा जनता के बीच हम सरकार के कामों को लेकर जाएं एवं जिस बहुमत से हमारे पार्षद चुनकर आए हैं आने वाले समय में पार्टी उपाध्यक्ष का प्रत्याशी जिसे भी तय करेगी हमें उसे अपना समर्थन करना है, एवं सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं तथा मजबूती के साथ काम करें जिससे आने वाले चुनाव में हमें सफलता मिल सके, इस दौरान भाजपा शक्ति जिला के अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल,नगर पालिका शक्ति में अध्यक्ष के लिए प्रत्याशी चिराग अग्रवाल लल्ली,जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, संजय रामचंद्र,मांगेराम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, ऋषि कुमार गोयल, अभिषेक शर्मा सहित काफी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे
उल्लेखित हो की नगर पालिका परिषद शक्ति में उपाध्यक्ष चुनाव की बात करें तो विगत वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने 22 साल पहले सन 1998 में जब बिना सिंबाल के चुनाव होते थे, तथा नगर पालिका शक्ति को नगर पंचायत का ही दर्जा था उस समय भाजपा समर्थित डॉक्टर एम एच कुरैशी मटका छाप से चुनाव जीत कर आए तथा उस समय उपाध्यक्ष के पद पर भाजपा समर्थित अनूप अग्रवाल चुने गए थे, जो कि साल 2003 तक उपाध्यक्ष पद पर रहे,उसके बाद कभी भी उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने सफलता हासिल नहीं की, साल 2004 में जब भाजपा की श्रीमती अहिल्या साहू नगर पालिका अध्यक्ष बनी थी तब भाजपा ने श्रीमती पूर्णिमा रात्रे को अपना प्रत्याशी बनाया किंतु वह सफल नहीं हो पाई, कथा घड़ी छाप से पार्षद नरेश गेवाडीन उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए,साल 2009 में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा सफल नहीं हो पाई एवं NCP के नरेश गेवाडीन की धर्मपत्नी श्रीमती रीना गेवाडीन उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई साल 2014 में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा सफल नहीं हो पाई एवं कांग्रेस की श्रीमती निशा महबूब खान उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई, साल 2019 में भी भाजपा उपाध्यक्ष पद पर सफल नहीं हो पाई तथा कांग्रेस की श्रीमती नेहा श्यामसुंदर अग्रवाल उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई, किंतु अब साल 2025 में भाजपा को यह उम्मीद है कि उसका उपाध्यक्ष जरूर बनेगा,किंतु यह तो आने वाला समय ही बतलायगां कि भाजपा अपना उपाध्यक्ष बनाने में कामयाब हो पाती है या नहीं